गाजियाबाद (युग करवट)। क्रासिंग रिपब्लिक थाने की एसओ श्वेता सिंह को उस समय बड़ी सफलता मिली कि जब उनकी टीम ने यक्ष एप के माध्यम से लाखों की टप्पेबाजी की वारदात का खुलासा मात्र तीन दिन के अंदर कर दिया। इतना ही नहीं उन्होंने टप्पेबाजी करने वाले चाचा भतीजा को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पकड़े गये टप्पेबाजों के पास से वादी से हड़पी गई लाखों की रकम, लपटॉप व मोबाइल के अलावा अन्य सामान बरामद कर लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने अपने नाम लक्की व रविंद्र निवासी हापुड़ बताये। साथ ही टप्पेबाजी की कई वारदातों को अंजाम देना भी स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार वारदात वाले दिन इन दोनों चाचा भतीजे ने वादी को झांसे में लेकर १५ हजार रुपये, दो मोबाइल, लैपटॉप व अन्य कीमती सामान हड़प लिया और फिर उसके खाते से २ लाख ८० हजार रुपये निकाल लिये। उक्त वारदात की रिपोर्ट १४ नवंबर को दर्ज करके इन दोनों टप्पेबाजों को गिरफ्तार करने में एसओ श्वेता सिंह की टीम ने तनिक देरी भी नहीं लगाई।