मिशन 2027 की बिसात
आशित चंद्रमुनी त्यागी
गाजियाबाद (युग करवट)। प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही राष्ट्रीय लोकदल और भारतीय जनता पार्टी के गठबंधन को नई धार देने की कवायद बहुत तेज है। इस पूरे सियासी समीकरण में सबसे अहम कड़ी बनकर उभरे हैं दिग्गज नेता और रालोद संसदीय बोर्ड के चेयरमैन केसी त्यागी। मार्च में जनता दल यूनाइटेड से नाता तोडक़र अपनी पुरानी जड़ों यानी रालोद में घर वापसी करने वाले केसी त्यागी अब एनडीए और रालोद के बीच सबसे मजबूत सेतु की भूमिका निभा रहे हैं। रालोद संसदीय बोर्ड के चेयरमैन के रूप में त्यागी लगातार विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की रणनीतियों पर तीखा हमला बोल रहे हैं। चौधरी चरण सिंह के विचारों और सम्मान का हवाला देते हुए वे विपक्ष के पीडीए और अन्य गठजोड़ों की काट तैयार करने में जुटे हैं।
नीतीश कुमार के बेहद करीबी और जदयू के मुख्य रणनीतिकार रहे त्यागी को गठबंधन की राजनीति का माहिर खिलाड़ी माना जाता है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ उनके पुराने और मधुर संबंध रालोद और भाजपा के बीच सीटों के बंटवारे तथा साझा अभियानों में किसी भी संभावित गतिरोध को टालने में मददगार साबित हो रहे हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 2027 के चुनावी महासमर में केसी त्यागी का संसदीय अनुभव, मीडिया प्रबंधन और जमीनी पकड़ रालोद-भाजपा गठबंधन के लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकती है।
सियासी घर वापसी और बड़ी जिम्मेदारी
पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के साथ 1974 में अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत करने वाले केसी त्यागी ने मार्च में केंद्रीय मंत्री और रालोद प्रमुख जयंत चौधरी की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। उनकी उपयोगिता और दशकों लंबे राजनीतिक अनुभव को देखते हुए जयंत चौधरी ने जून में उन्हें रालोद संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त कर मिशन यूपी की कमान सौंप दी। स्वयं जयंत चौधरी का इस बोर्ड में सदस्य की भूमिका में रहना यह दर्शाता है कि पार्टी के भीतर त्यागी का कद और उन पर नेतृत्व का भरोसा कितना गहरा है।
जाट-त्यागी और किसान वोटों का समीकरण
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जाट समुदाय के साथ-साथ त्यागी और अन्य किसान बिरादरियों का बड़ा प्रभाव है। केसी त्यागी की सक्रियता से न केवल रालोद का पारंपरिक किसान वोट बैंक मजबूत हो रहा है, बल्कि सवर्ण और गैर-जाट ओबीसी मतदाताओं को भी एनडीए के पक्ष में लामबंद करने में बड़ी मदद मिल रही है।
गठबंधन के वैचारिक और रणनीतिक सूत्रधार
केसी त्यागी ने रालोद और भाजपा के साथ आने को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए एक परफेक्ट गठबंधन करार दिया है। उनका मानना है कि किसान लैंड कहे जाने वाले इस क्षेत्र में दोनों दलों का एकजुट होना एनडीए को 100 से अधिक सीटों पर सीधा लाभ पहुंचा सकता है।
सत्ता की लालसा नहीं, विरासत को आगे बढ़ाने का लक्ष्य
रालोद में शामिल होने के बाद केसी त्यागी ने स्पष्ट किया था कि वे किसी सांसद या विधायक पद की दौड़ में नहीं हैं, बल्कि उनका एकमात्र लक्ष्य चौधरी चरण सिंह के अधूरे सपनों को पूरा करना और जयंत चौधरी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनाना है।