प्रदेश में बढ़ गए 18 लाख 84 हजार वोटर
लखनऊ (युग करवट)। उत्तर प्रदेश में चुनाव आयोग ने ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल जारी कर दिया है। राज्य में पिछले आंकड़ों के मुकाबले 18 लाख 84 हजार वोटर बढ़े हैं। हालांकि, इस बढ़ोतरी के बीच 18 से 19 साल की उम्र वाले नए मतदाताओं की संख्या में करीब 5.80 लाख की कमी दर्ज की गई है। ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की संख्या में ज्यादा इजाफा हुआ है। अनुमानित आबादी और वोटर लिस्ट के आंकड़ों के बीच करीब 2.58 करोड़ का अंतर सामने आया है।
मतदाता सूची के एसएसआर के तहत आज ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी हुई। इसमें करीब 13.58 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल हुए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सूची जारी की। प्रदेश में 10 अप्रैल को जारी एसआईआर की अंतिम सूची में 13.39 करोड़ मतदाता थे। पिछले सात महीने में करीब 17 लाख वोटर बढ़े हैं। ड्राफ्ट सूची पर 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक होगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। रिणवा ने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों की 403 विधानसभा क्षेत्रों की सूची सभी 173730 बूथों पर उपलब्ध रहेगी। जिला निर्वाचन अधिकारियों की वेबसाइट पर भी इसे देखा जा सकेगा। बीएलओ और राजनीतिक दलों को भी सूची दी जाएगी। नाम जोडऩे के लिए शनिवार और रविवार को विशेष अभियान चलेगा।
इसमें नए नाम जुड़वाने, नाम कटवाने और संशोधन की सुविधा मिलेगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सभी पुलिस आयुक्तों, जिला निर्वाचन अधिकारियों और एसएसपी को संवेदनशील मतदेय स्थलों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए चुनाव आयोग ने सात मानक तय किए हैं। इनमें सुभेद्य क्षेत्र, पिछले चुनाव में 90 फीसदी से अधिक मतदान, किसी एक प्रत्याशी को 75 फीसदी से ज्यादा वोट और 10 फीसदी से कम मतदान वाले बूथ शामिल हैं। इसके अलावा पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में पुनर्मतदान, मतदान में अनियमितता या बूथ पर कब्जे की घटनाएं भी आधार होंगी।