नोएडा (युग करवट)। नोएडा प्राधिकरण के सेक्टर-96 स्थित मुख्य प्रशासनिक भवन में प्रवेश पास बनवाने के लिए लोगों को घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ रहा है। स्वागत कक्ष में प्रवेश पास बनाने के लिए चार काउंटर होने के बावजूद केवल दो काउंटरों पर ही पास बनाए जा रहे हैं। इससे आम लोगों, महिलाओं और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम विकास संगठन नोएडा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन में जाने के लिए स्वागत कक्ष पहुंचे तो वहां दो लंबी कतारें लगी हुई थीं। इनमें सैकड़ों महिला-पुरुषों के साथ बुजुर्ग भी अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। अशोक चौहान ने प्राधिकरण के स्टाफ से पूछा कि चार काउंटर होने के बावजूद बाकी दो पर प्रवेश पास क्यों नहीं बनाए जा रहे हैं। इस पर स्टाफ की ओर से बताया गया कि उच्च अधिकारियों की तरफ से अतिरिक्त स्टाफ और सिस्टम उपलब्ध नहीं कराए गए हैं, इसलिए सभी काउंटर चालू नहीं हो पा रहे हैं। अशोक चौहान ने सवाल उठाया कि प्रवेश पास बनवाने में ही लोगों का कई घंटे का समय बर्बाद हो जाता है। ऐसे में जनसुनवाई के लिए प्राधिकरण पहुंचने वाले लोगों को परेशानी होती है और कई बार उनका काम होने से पहले ही जनसुनवाई समाप्त हो जाती है। उन्होंने नोएडा प्राधिकरण के उच्च अधिकारियों से मांग की कि स्वागत कक्ष के चारों काउंटरों पर प्रवेश पास बनाने की व्यवस्था की जाए, ताकि आम जनता, महिलाओं और बुजुर्गों को लंबी कतारों से राहत मिल सके।