नोएडा (युग करवट)। थाना जारचा में तैनात एक महिला सब इंस्पेक्टर का शव आज सुबह को थाना कैंपस में बने स्टाफ क्वार्टर के बाथरूम में मिला है। पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2023 बैच के उपनिरीक्षक रश्मि गौतम (28) का शव आज सुबह को उनके घर पर बाथरूम के अंदर मिला है। वह थाना जारचा में तैनात थी। मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस हार्ट अटैक या बीमारी के एंगल से मामले की जांच कर रही है। मृतका मूल रूप से जनपद कानपुर नगर की रहने वाली थी। उनके पिता ने आज सुबह को जब उनका फोन मिलाया तो उनका फोन नहीं ऊठा। उनके पिता ने उनके पड़ोस में रहने वाली एक अन्य महिला कांस्टेबल से बात की। उसके बाद थाना जारचा के प्रभारी को फोन किया। जब पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो उनका शव बाथरूम के अंदर उनके घर पर मिला। वहीं महिला उपनिरीक्षक की मौत के बाद पुलिस विभाग में चर्चा हो गई कि उन्होंने आत्महत्या की है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आएगी मौत का सही कारण बताना मुश्किल है।