लखनऊ (युग करवट)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की सहायक आचार्य परीक्षा-2026 में 1,27,571 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा 19 और 20 नवंबर को प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों आगरा, मेरठ, प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर और वाराणसी में दो पालियों में कराई जाएगी। परीक्षा की शुचिता और नकलविहीन आयोजन के लिए केंद्रों पर लाइव स्ट्रीमिंग के साथ बायोमेट्रिक सत्यापन और सघन तलाशी की व्यवस्था रहेगी। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने परीक्षा तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से परीक्षा कराने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों पर इलेक्ट्रानिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। निगरानी के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे। आयोग मुख्यालय के एआई आधारित कमांड कंट्रोल रूम से भी परीक्षा पर नजर रखेगा। इंटरनेट मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई होगी।