नोएडा (युग करवट)। यमुना एक्सप्रेसवे पर देर रात राया कट पुल के ऊपर चलती बस में आग लग गई। बस से लपटें उठती देख यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। यात्रियों ने किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में बस और यात्रियों का सामान जल गया। गनीमत रही कि कोई यात्री हताहत नहीं हुआ। खजुराहो ट्रेवल्स की बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से करीब 40 यात्रियों को लेकर मध्य प्रदेश के छतरपुर जा रही थी। बस को चालक जितेंद्र पुत्र मोहनलाल निवासी नौगांव, छतरपुर चला रहा था। बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने बस को अपनी चपेट में ले लिया। लपटें उठती देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सभी यात्री बस से बाहर निकल आए।