गाजियाबाद (युग करवट)। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा एक नवंबर से 37वंा अखिल भारतीय खेलकूद समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे तो वहीं समापन पर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी शामिल होंगे। प्रेसवार्ता में कार्यक्रम की जानकारी देते हुए क्षेत्रीय संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू ने बताया कि एक से 4 नवंबर तक पुलिस लाइन हरसांव में खेलकूद समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें सभी प्रकार की दौड़, गोला फैंक, डिस्क्रस थ्रो, हाई जम्प, लॉंग जम्प, हर्डल, क्रास कंट्री का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में देश भर के 11 क्षेत्रों की प्रथम स्थान पर रहने वाली टीमें शिरकत कर रही हैं जिसमें करीब एक हजार खिलाडिय़ों के प्रतिभाग करेंगे। डोमेश्वर साहू ने बताया कि समारोह का उद्घाटन सुबह दस बजे सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता एक्जटो टेक्नोलॉजी के निदेशक अर्पूव सिंह करेंगे। दो नवंबर को नेहरू नगर स्थित विद्या भारती स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिसमें मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा होंगे। चार को समारोह का समापन होगा जिसमें उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी शामिल होंगे। अंतिम दिन क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन किया जाएगा। समारोह से पूर्व 31 अक्टूबर को ज्योति यात्रा अमर शहीद भगत की प्रतिमा घंटाघर से होते हुए हनुमान मंदिर, मालीवाड़ा होते हुए विद्यालय पर सम्पन्न होगी। इस अवसर पर विद्या भारती मेरठ प्रांत के मंत्री राम वरूण, विद्यालय प्रबंधक दीपांशु पाल, प्रधानाचार्या विपिन राठी, मेरठ प्रांत निरीक्षक विशोक, राहुल सिंघल, अरूण सिरोही, गौतम कुमार आदि मौजूद रहे।