पुलिस ने नहीं लिखी रिपोर्ट, कोर्ट के आदेश पर हुई एफआईआर
गाजियाबाद (युग करवट)। थाना नंदग्राम क्षेत्र में एटीएम मशीनों के रखरखाव और कैश लोडिंग से जुड़ी एक बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। हिताची पेमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के असिस्टेंट मैनेजर घनश्याम द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि हिताची पेमेंट सर्विसेज कंपनी विभिन्न बैंकों के एटीएम मशीनों के रखरखाव और उनमें कैश लोडिंग का कार्य करती है। गाजियाबाद शहर में कुल 31 एटीएम की कैश लोडिंग और मेंटेनेंस की जिम्मेदारी जीडी सर्विसेज नामक फर्म को दी गई थी। इस फर्म का संचालन गौरव वर्मा पुत्र मुकेश कुमार वर्मा निवासी सेवा नगर नंदग्राम द्वारा किया जाता है। कंपनी द्वारा एटीएम में कैश डालने के लिए जीडी सर्विसेज के आईसीआईसीआई बैंक खाते में धनराशि भेजी जाती थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 23 सितंबर 2025 से 18 जनवरी 2026 के बीच एटीएम में लोड करने के लिए जीडी सर्विसेज को कुल सत्तावन करोड़ साठ लाख अ_ावन हजार रुपये की भारी-भरकम राशि कंपनी द्वारा दी गई थी। इसमें से सत्तर लाख अ_ाईस हजार आठ सौ रुपये का हिसाब मांगने पर भी आरोपी द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। आरोप है कि यह धनराशि एटीएम मशीनों में डाली ही नहीं गई। कंपनी के अधिकारियों ने जब इस संबंध में आरोपी से संपर्क किया तो उसने पैसे वापस करने से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने कंपनी के कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार और बदतमीजी भी की। पीडि़त पक्ष ने पूर्व में स्थानीय पुलिस चौकी और पुलिस उपायुक्त को शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली गई, जिसके आदेश पर अब थाना नंदग्राम में बीएनएस की धाराओं (318 पात्र और 352) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।