नई दिल्ली (युग करवट)। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने अरुणाचल प्रदेश में भारत-चीन सीमा की स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सीमा पर चीनी सैनिकों की गतिविधियों और भारतीय जवानों व आम नागरिकों को रोके जाने की खबरों पर सरकार देश को पूरी जानकारी नहीं दे रही है। ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार से पूछा है कि अरुणाचल प्रदेश में आखिर क्या हो रहा है और अब तक इस मामले में क्या कदम उठाए गए हैं। उन्होंने सीमा की स्थिति पर संसद में चर्चा कराने और पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट सामने रखने की मांग भी की है। ओवैसी ने कहा कि भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर की ओर से अरुणाचल प्रदेश में चीनी सेना के साथ लगातार टकराव की बात सामने आना गंभीर चिंता का विषय है। उनका कहना है कि जब सीमा पर इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, तो सरकार को देश के सामने पूरी तस्वीर रखनी चाहिए। ओवैसी ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने पहले भी इस मुद्दे पर सवाल पूछे थे, लेकिन उन्हें अब तक संतोषजनक जवाब नहीं मिला।