नई दिल्ली (युग करवट)। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। शुरुआती दौर में बढ़त बनाने वाली एनएसयूआई सभी पदों पर पीछे होती दिखाई दे रही है और एक बार फिर एबीवीपी ने बढ़त बना ली। कभी एनएसयूआई तो कभी एबीवीपी आगे चल रही है। हालांकि पिछले चुनाव को देखते हुए इस बार एनएसयूआई का अच्छा प्रदर्शन दिखाई दे रहा है। उसका प्रयास है कि वह वापसी करे। मतगणना आज सुबह 8 बजे शुरू हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली यूनिवर्सिटी में 2,000 से ज्यादा पुलिस और पैरामिलिट्री जवानों की तैनाती की गई। मतगणना केंद्र के आसपास सुरक्षा बढ़ाने के साथ प्रमुख सडक़ों पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं। चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के चार प्रमुख पदों पर एबीवीपी और एनएसयूआई के उम्मीदवारों के बीच मुकाबला रहा। एबीवीपी ने अध्यक्ष पद के लिए यश डबास को मैदान में उतारा, जबकि एनएसयूआई की ओर से विजय शंकर मीणा उम्मीदवार हैं। वाम छात्र संगठनों ने भी चुनाव में दावेदारी पेश की। नॉर्थ कैंपस के शुरुआती रुझानों में कांटे की टक्कर दिख रही थी।
लेकिन जैसे ही साउथ कैंपस के प्रमुख कॉलेजों के ईवीएम खुले, एबीवीपी के अध्यक्ष और सचिव पद के उम्मीदवारों के वोटों का ग्राफ तेजी से ऊपर चढ़ा।