गाजियाबाद (युग करवट)। कविनगर रामलीला समिति के आजीवन सदस्य मनोज गोयल बंटी ने कहा कि बिना कोई आम सभा बुलाए, कैसे कोई अध्यक्ष बन सकता है, अपनी कमेटी घोषित कर सकता है। उन्होंने कहा कि ललित जायसवाल वाली कमेटी का चुनाव भी आम सभा द्वारा हुआ था, आम सभा ने उन्हें अध्यक्ष चुना था। लेकिन बिना आम सभा बुलाए ललित जायसवाल की पुरानी कमेटी के महामंत्री भूपेन्द्र चोपड़ा व अन्य लोगों द्वारा विपुल शर्मा और उनकी टीम को अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी। मनोज गोयल बंटी ने कहा कि पहले आम सभा को बुलाना चाहिए था, पुरानी कमेटी का इस्तीफा आम सभा में स्वीकार होता या नहीं, किसको जिम्मेदारी देनी है या नहीं, यह सब आम सभा में तय होता, आम सभा में चाहती तो चुनाव कराती और नई कमेटी को जिम्मेदारी देती। लेकिन किस अधिकार और किसकी सहमति से इस कमेटी को चुना गया और इस कमेटी ने भी भूमि पूजन के निमंत्रण पत्र भी बांट दिए। उन्होंने कहा कि चंद लोगों ने कविनगर रामलीला कमेटी का मजाक बना दिया है। नियमों के तहत कोई काम नहीं किया जा रहा है। मनोज गोयल बंटी ने कहा कि वह कि पक्ष या विपक्ष में नहीं है, किसी का विरोध नहीं करना चाहते, लेकिन कमेटी को लेकर जो भी किया जाए व आम सभा में निर्णय लेकर किए जाएं। समिति से सम्बंधित सभी निर्णय आम सभा में ही लिए जाते हैं तो फिर नई कमेटी का चयन के लिए आम सभा को कोई नहीं बुलाया गया।