सम्मेलन के दौरान बसपा कर सकती है जेवर विधानसभा प्रत्याशी की घोषणा
युग करवट संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। मिशन-2027 को लेकर गौतमबुद्धनगर में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं।
सपा और भाजपा के बड़े कार्यक्रमों के बाद अब बहुजन समाज पार्टी जेवर विधानसभा क्षेत्र में बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर रही है। दनकौर के आदर्श इंटर कॉलेज के खेल मैदान में होने वाले सम्मेलन को पार्टी के राष्ट्रीय चीफ कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद दोपहर बाद संबोधित करेंगे। उनके गृह जनपद में यह पहली जनसभा होगी।
सम्मेलन के दौरान जेवर विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी के नाम की घोषणा किए जाने की भी चर्चा है।
गौतमबुद्धनगर बसपा सुप्रीमो मायावती का गृह जनपद होने के कारण पार्टी के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बसपा ने जिले में अपने अभियान की शुरुआत जेवर विधानसभा क्षेत्र से की है। इससे पहले सपा और भाजपा ने अपने बड़े सियासी कार्यक्रमों के लिए दादरी विधानसभा क्षेत्र को चुना था। पार्टी के राष्ट्रीय चीफ कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद सम्मेलन को संबोधित करेंगे। पार्टी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे आकाश आनंद का अपने गृहजनपद में यह पहला कार्यक्रम होगा, जिसमें वह जिले के लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। सम्मेलन में जेवर विधानसभा सीट के लिए प्रत्याशी के नाम की घोषणा होने की चर्चा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार सतवीर नागर के नाम पर चर्चा चल रही है। सतवीर नागर पूर्व में गौतमबुद्धनगर लोकसभा सीट से भी चुनाव लड़ चुके हैं। उनके नाम की घोषणा होने पर बसपा जेवर विधानसभा क्षेत्र में गुर्जर मतदाताओं को साधने की रणनीति के तहत आगे बढ़ सकती है।