नोएडा (युग करवट) उत्तर प्रदेश में पुलिस उपाधीक्षकों और सहायक पुलिस आयुक्तों के बड़े स्तर पर तबादले किए गए हैं। 144 अधिकारियों की जारी सूची में गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट के भी कई नाम शामिल हैं। कमिश्नरेट में चार नए अधिकारियों को तैनाती दी गई है, जबकि चार एसीपी समेत अन्य अधिकारियों को दूसरे जिलों में स्थानांतरित किया गया है। तबादला सूची के अनुसार, सिद्धार्थ गौतम का गाजियाबाद से गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट में स्थानांतरण किया गया है।
शिव नारायण वैश्य प्रतापगढ़ से यहां आएंगे। इसके अलावा दीपांशी राठौर और अनुराग कुमार सिंह को गोरखपुर से गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट भेजा गया है। प्रवीण कुमार सिंह प्रथम को हापुड़, राजीव कुमार गुप्ता को अलीगढ़ और पवन कुमार को भदोही स्थानांतरित किया गया है। सहायक पुलिस आयुक्त दीक्षा सिंह का तबादला गाजियाबाद कमिश्नरेट किया गया है। इसके अलावा गौतमबुद्ध नगर साइबर क्राइम थाने में तैनात विवेक रंजन राय को बुलंदशहर भेजा गया है। पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल में पीएसी के अधिकारी भी शामिल हैं। 49वीं वाहिनी पीएसी, गौतमबुद्ध नगर में तैनात अनिल कुमार को पुलिस अकादमी, मुरादाबाद भेजा गया है। इन तबादलों के बाद कमिश्नरेट में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव होगा। इसी सप्ताह आईपीएस रैंक के अधिकारियों के भी बड़े स्तर पर तबादले होने की संभावना है।