नोएडा (युग करवट)। भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वाईएसएस फाउंडेशन की ओर से 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यमुना तट स्थित युवा शक्ति घाट, सेक्टर-94 में ‘देव दीपावली 2.0-यमुना दीपोत्सव एवं महाआरती’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम पांच बजे से शुरू होगा। आयोजन में वेदाचार्य शुभम मिश्रा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से मां यमुना का पूजन कराएंगे। इसके बाद पितरों के लिए सामूहिक दीपदान और मां यमुना की महाआरती होगी। समारोह में बनारस घराने के युगल गायक सुमित मिश्रा एवं अर्पणा मिश्रा की भजन संध्या विशेष आकर्षण रहेगी। कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी अशोक श्रीवास्तव करेंगे। आयोजन की तैयारियों और जनसंपर्क अभियान के तहत एकता एनजीओ गुप, नोएडा के दीपावली मिलन समारोह में देव दीपावली 2.0 के पोस्टर का विमोचन किया गया। इसके अलावा विधायक पंकज सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम सहित अन्य लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए संस्था के पदाधिकारियों ने आमंत्रण पत्र सौंपे।
वाईएसएस फाउंडेशन के संस्थापक एवं निदेशक सचिन गुप्ता ने बताया कि आयोजन में गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन और नोएडा प्राधिकरण का विशेष सहयोग मिल रहा है। भारत विकास परिषद एवं नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन मुख्य सहयोगी हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम 24 नवंबर को शाम पांच बजे सेक्टर-94 स्थित युवा शक्ति घाट पर आयोजित होगा।