नई दिल्ली (युग करवट)। बिहार में पेपर लीक, छात्रों के आंदोलन और बेरोजगारी के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में निकला आरजेडी का राजभवन मार्च पुलिस कार्रवाई के बाद हंगामे में बदल गया।
पुलिस ने उनको हिरासत में ले लिया। इस दौरा वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। जेपी गोलंबर से शुरू हुए मार्च में तेजस्वी यादव के साथ हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने मार्च रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी, लेकिन तेजस्वी अपने समर्थकों के साथ बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ गए। इसके बाद इनकम टैक्स चौराहे पर पुलिस ने भीड़ को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। कार्रवाई के बाद तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया गया। हिरासत में लिए जाने के दौरान उन्होंने कहा कि वह जेल जाने से डरने वाले नहीं हैं। पुलिस ने डाकबंगला चौराहे के पास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग की गई थी। यहीं से मार्च को आगे बढऩे से रोकने की कोशिश की गई।