नई दिल्ली (युग करवट)। कांस्टीट्यूशन क्लब में हास्य व्यंग्य के सुविख्यात कवि डाक्टर प्रवीण शुक्ल को डायमंड बुक्स और साहित्यिक संस्था सोच के तत्वावधान में सांसद मनोज तिवारी द्वारा साहित्य साधक सम्मान से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डायमंड बुक्स द्वारा प्रकाशित उनकी पुस्तक जीवन के दो छोर का विमोचन भी हुआ। मनोज तिवारी ने कहा कि डाक्टर प्रवीण शुक्ल ने साहित्य की विविध विधाओं में जो कार्य किया है वह उन्हें इस दौर के रचनाकारों में सबसे अलग और विशेष बनाता है। यह समारोह प्रवीण शुक्ल के पचपनवें जन्म दिवस पर आयोजित किया गया था। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा और पद्मश्री डॉ अशोक चक्रधर की भी उपस्थिति रही। हास्य कवि सुरेंद्र शर्मा ने प्रवीण शुक्ल की साहित्य उपलब्धियां की चर्चा करते हुए उन्हें इस दौर का सर्वाधिक सक्रिय रचनाकार बताया। पद्मश्री अशोक चक्रधर ने कहा कि प्रवीण शुक्ल ने साहित्य के क्षेत्र में अपना स्थान निरंतर सृजन करके बनाया है। समारोह के अध्यक्ष वरिष्ठ गजलकार मंगल नसीम ने कहा कि मेरी आँखें जो सपना देखता हैं प्रवीण शुक्ल उसे पूरा करते हैं। इस अवसर पर आयोजित समारोह में वरिष्ठ कवयित्री डॉ कीर्ति काले जी ने लोकार्पित पुस्तक जीवन के दो छोर की श्रेष्ठ साहित्यिक विवेचना प्रस्तुत की। सुविख्यात कवयित्री डॉ सरिता शर्मा ने डॉ प्रवीण शुक्ल की जीवन यात्रा पर प्रकाश डाला। वैश्विक हिंदी परिवार के अध्यक्ष अनिल जोशी ने कहा कि प्रवीण शुक्ल की काव्य यात्रा विविध विधाओं को उनके उत्कर्ष तक लेकर गई है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित ओजस्वी कवि विनीत चौहान ने डॉ प्रवीण शुक्ल की साहित्यिक यात्रा को रेखांकित करते हुए उन्हें इस दौर का सर्वाधिक प्रतिभासंपन्न रचनाकार बताते हुए उनकी जीवन यात्रा का उल्लेख किया। इस अवसर पर साहित्य प्रेमी मंडल के उपाध्यक्ष राजेश कुमार और कोषाध्यक्ष निर्दोष शर्मा ने भी डॉ प्रवीण शुक्ल के व्यक्तित्व और कृतित्व के बारे में विचार प्रस्तुत किए। डायमंड बुक्स के चेयरमैन मनीष वर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रकाशन संस्थान के साथ प्रवीण शुक्ल के निरंतर जुड़ाव की चर्चा की। सोच संस्था के अध्यक्ष विनयशील चतुर्वेदी ने प्रारंभिक संचालन करते हुए लोकार्पित पुस्तक की विवेचना की। सुप्रसिद्ध गायक दीपेंद्र दीपक ने प्रवीण शुक्ल की कविताओं की संगीतमय प्रस्तुति की। समारोह का संचालन कवयित्री और अभिनेत्री अल्पना सुहासिनी ने किया। इस अवसर पर यमुना विहार विभाग के संघ चालक अरुण शर्मा, हिंदी भवन के अध्यक्ष ललित जायसवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता पृथ्वी सिंह कसाना, सुविख्यात गजलकार राज कौशिक, वरिष्ठ पत्रकार एवं युग करवट के प्रधान संपादक सलामत मियां, अनिमेश शर्मा, शैलेंद्र कुमार के साथ अनेक विभूतियों की उपस्थिति रही।