पहला लक्की ड्रा होने के बाद भी नाम और मैसेज नहीं हुए जारी
गाजियाबाद (युग करवट)। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की मधुबन बापूधाम आवासीय योजना में 350 भूखण्डों का आज हिन्दी भवन में लक्की ड्रा शुरू हुआ। लेकिन ड्रा की पहली लिस्ट आते ही हंगामा शुरू हो गया। अधिकारियों द्वारा दावा किया गया कि पहले चरण में 24 आवेदकों के नाम ड्रा निकल गया है, लेकिन जब आवेदकों ने उनके नाम स्क्रीन पर दिखाने की बात कही तो वह उजागर नहीं हो सके। ड्रा निकाले जाने के दो घंटे बाद भी पहली लिस्ट के आवेदकों के नाम स्क्रीन में पर नहीं आए जिसके बाद हॉल में आवेदकों ने हंगामा शुरू कर दिया।
बता दें कि जीडीए की इस महत्वाकांक्षी आवासीय योजना के 350 भूखण्डों के लिए करीब 42 हजार आवेदकों ने आवेदन किया था। आज इस योजना में लक्की ड्रा का पहला दिन था जिसके लिए 3700 आवेदकों को शार्ट लिस्ट किया गया था। नियत समय पर आवेदकों का हिन्दी भवन पहुंचना शुरू हो गया था। नीलामी के लिए जीडीए के अपर सचिव प्रदीप सिंह, ओएसडी कनिका कौशिक, एसडीएम अजीत सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे। वहीं हॉल के अन्दर और बाहरी परिसर में भी लक्की ड्रा देखने की व्यवस्था की गई थी। जहां लगातार आवेदकों के आने का सिलसिला जारी रहा। लेकिन जैसे पहली लिस्ट में 24 आवेदकों को प्लांट आवंटन किया गया, लेकिन उनके नाम नहीं शो किए गए, काफी देर इंतजार करने के बाद भी नाम शो न होने पर हॉल में मौजूद लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। आवेदकों ने यहां तक भी आरोप लगाए कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं है। अगर नाम तय हो गए हैं तो उन्हें सबको दिखाया जाए, हालांकि इन लोगों के नाम प्लाट निकले, उसमें से एक भी व्यक्ति वहां मौजूद नहीं था, जो मैसेज दिखा सकता, इसको लेकर लोगों में गुस्सा बढ़ता गया। दूसरी ओर अधिकारी भी इसे तकनीकी खामी बताकर लोगों को शांत करते दिखे। इस नीलामी के लिए आगरा से टेक्नीकल टीम बुलाई गई थी। लेकिन टीम के इंजीनियर भी इस खामी से जूझते नजर आएं। आवेदक भी नाम दिखाएं बिना अगले ड्रा न निकाले जाने पर अड़े रहे। खबर लिखे जाने तक भी कार्यक्रम स्थल पर हंगामा चलता रहा। नीलामी के दूसरे दिन की प्रक्रिया बीस अगस्त को होनी है।