नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। नगर निगम द्वारा की गई हाउस टैक्स वृद्घि को लेकर एक बार फिर व्यापारी आंदोलन होनेे जा रहा हैं। इसको लेकर महानगर उद्योग व्यापार मंडल गाजियाबाद ने प्रेस वार्ता कर तीन दिवसीय आंदोलन की रणनीति के बारे में जानकारी। तो वहीं मंडल के अध्यक्ष गोपीचंद ने हाउस टैक्स वृद्घि को लेकर मेयर से इस्तीफा दिए जाने की मांग भी की।
महानगर अध्यक्ष गोपीचंद व महामंत्री अशोक चावला ने कहा कि हाउस टैक्स वृद्घि को लेकर सिर्फ व्यापारियों को आश्वासन दिया जा रहा है।
बार-बार टैक्स वापस लिए जाने का दावा किया जाता है, लेकिन पोर्टल पर और जो बिल भेजे जाते हैं, वह बढ़े हुए टैक्स के आ रहे हैं। मंडल ने कहा कि निगम बोर्ड बैठक में हाउस टैक्स वृद्घि को निरस्त करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन उस बैठक के मिनट्स मेयर द्वारा शासन को नहीं भेजे गए। निर्वाचित बोर्ड द्वारा प्रस्ताव निरस्त होने के बाद भी निर्णय को लागू न करना लोकतांत्रिक व्यवस्था पर प्रश्न उठाता है। अध्यक्ष गोपीचंद ने कहा कि अगर हाउस टैक्स को लेकर सिर्फ आश्वासन ही दिए जाने हैं तो मेयर को इस्तीफा दे देना चाहिए। महामंत्री अशोक चावला ने कहा कि इस गंभीर मुद्दे पर भाजपा के जनप्रतिनिधियों व महानगर अध्यक्ष की चुप्पी चिंता का विषय है। अब संगठन तीन दिवसीय शांतिपूर्ण जनजागरण जुलुस निकालने जा रहा है।
जिसमें सोमवार, बुधवार, शुक्रवार को नवयुग मार्किट से शहीद भगत सिंह चौक तक शांतिपूर्ण जुलुस निकाला जाएगा। इस आंदोलन के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। प्रेसवार्ता में चेयरमैन बृजमोहन सिंघल, केपी गुप्ता, राकेश स्वामी, विपिन गोयल, सुनील गोयल, नरेश अग्रवाल, विकास अग्रवाल, राकेश बवेजा, सुनील गुप्ता, मनोज गर्ग, पंकज गुप्ता, वसीम अली, सरदार सुखविंदर सिंह, जुगल किशोर, राजीव शर्मा, अनुराग गर्ग आदि मौजूद रहे।