एक करोड़ युवाओं को फ्री एआई ट्रेनिंग और मुफ्त कोचिंग
नई दिल्ली (युग करवट)। प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले की प्राचीर से शक्ति की सप्त धारा का आह्वान करते हुए देश को नई दिशा में आगे बढऩे का संदेश दिया। उन्होंने मैन्युफैक्चरिंग पर जोर देने की बात कही है। उन्होंने युवाओं से बड़े बदलावों के लिए आगे आने और देश को विकसित बनाने में योगदान देने की अपील की।
पीएम मोदी ने कहा कि अब रुकने का समय नहीं है। हमें अपनी सोच, काम करने का तरीका और काम की रफ्तार बदलनी होगी। उन्होंने कहा कि जो काम पिछले 5-7 दशकों में नहीं हो पाए, उन्हें आने वाले 5-7 सालों में पूरा करने का लक्ष्य रखना होगा। लाल किले की प्राचीर से देश को 13वीं बार संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जेनजी से विशेष अपील करते हुए उनसे राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की। उन्होंने सलाह दी कि आज जब नक्सलियों का हिंसक दौर समाप्त हो चुका है तो कुछ दिमागी नक्सली षड्यंत्र रच रहे हैं। ऐसे में उन लोगों से देश के युवाओं को बचने की आवश्कता है। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाएं की तैयारी करने के लिए फ्री कोचिंग योजना के साथ ही अगले एक साल में एक करोड़ युवाओं को एआई ट्रेनिंग देने की भी घोषणा की। उन्होंने मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मजबूत करने पर जोर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत को छोटे-छोटे पुर्जों से लेकर बड़े और जटिल उत्पाद तक खुद बनाने होंगे। डिजाइन से लेकर मैन्युफैक्चरिंग तक पूरी वैल्यू चेन भारत में तैयार करनी होगी। पीएम मोदी ने कहा कि ग्लोबल स्टैंडर्ड को पूरा करने के लिए लागत, क्वालिटी और स्केल के मामले में बहुत प्रतिस्पर्धी होना होगा।