युग करवट के कॉलम हाल-ए-शहर में कल ही लिखा था
गाजियाबाद (युग करवट)। नगर निगम द्वारा बढ़ाए गए हाउस टैक्स के विरोध में चल रहा व्यापारियों का धरना आज नौवें दिन नगर आयुक्त के आश्वासन के बाद समाप्त कर दिया गया। गुरूवार के युग करवट के अंक में हाल-ए-शहर कॉलम में लिखा गया था कि धरना समाप्त होने की घड़ी आ गई है। हमने लिखा था कि एमएसएमई पर रजिस्टर्ड दुकानदारों को कमर्शियल टैक्स में छूट देकर उनसे आवासीय दर पर टैक्स लिया जाएगा। आज सुबह नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक विधायक संजीव शर्मा के साथ धरना स्थल पर पहुंचे और व्यापारियों से बात की। उसके बाद व्यापारियों ने धरना समाप्त करने की घोषणा कर दी। विधायक संजीव शर्मा इस मामले पर गंभीरता से काम कर रहे थे। व्यापारियों की ओर से गाजियाबाद हाउस टैक्स संघर्ष समिति द्वारा नगर निगम को दिए गए लिखित प्रतिवेदन में 9 प्रमुख मांगें रखी गई थीं। इन मांगों को लेकर नगर निगम अधिकारियों एवं व्यापारियों के बीच लगातार वार्ता चल रही थी। शहर विधायक संजीव शर्मा, नगर आयुक्त एवं व्यापारियों के प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता में अधिकांश मांगों पर सहमति बन गई। समिति के संयोजक राजकिशोर गुप्ता ने कहा कि व्यापारियों की एकजुटता और नौ दिनों तक चले शांतिपूर्ण आंदोलन के परिणामस्वरूप नगर निगम को व्यापारियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करना पड़ा। समिति के मीडिया प्रभारी रजनीश बंसल ने बताया कि व्यापारियों ने सरकार और नगर निगम से टकराव के लिए नहीं, बल्कि न्यायपूर्ण टैक्स व्यवस्था की मांग को लेकर आंदोलन किया था और मांगों पर सकारात्मक निर्णय आने के बाद अब धरना समाप्त किया जा रहा है।