हाउस टैक्स वृद्धि के विरोध में व्यापारियों का धरना छठे दिन भी जारी
गाजियाबाद (युग करवट)। नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स में की गई भारी वृद्धि के विरोध में हाउस टैक्स विरोधी संघर्ष समिति के तत्वावधान में नवयुग मार्केट में चल रहा व्यापारियों का धरना मंगलवार को छठे दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर हुई बैठक में शहर के सभी बाजारों को बंद कराकर प्रदर्शन तेज करने का निर्णय लिया गया।
धरने को समर्थन देने पहुंचे पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता सतीश शर्मा ने हाउस टैक्स वापस नहीं लेने पर आमरण अनशन की घोषणा की है। धरने को संबोधित करते हुए हाउस टैक्स विरोधी संघर्ष समिति के आयोजक राजकिशोर गुप्ता ने कहा कि नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स में की गई बेतहाशा वृद्धि व्यापारियों के साथ-साथ आम शहरवासियों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। नगर निगम को तत्काल बढ़ी हुई दरों पर पुनर्विचार करना चाहिए और वर्ष 2024 में निर्धारित दरों के आधार पर हाउस टैक्स की गणना एवं वसूली की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समिति किसी टकराव की स्थिति नहीं चाहती, लेकिन लगातार अनदेखी किए जाने की स्थिति में व्यापारियों के पास आंदोलन को व्यापक करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा। धरने में राजकिशोर गुप्ता, गौरव गर्ग, रजनीश बंसल मंगली, सुभाष छाबड़ा, गौरव बंसल, हरविंदर गांधी, सुभाष गुप्ता, प्रीतम लाल, तिलक राज अरोड़ा, मुनिंद्र आर्य, राज कुमार आर्य, विशाल वर्मा, सतीश शर्मा पूर्व मंत्री, अनिल गुलाटी, मोहित राजपूत, नरेंद्र वर्मा, मुनेश कुमार नसीम, सुनील, सोनू सिंघल, लोकेश कुमार, सहित सैकड़ों व्यापारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।