गाजियाबाद (युग करवट)। पुलिस आयुक्त जे रविंदर गौड ने गणमान्य नागरिकों एवं अधिनस्थ अधिकारियों के साथ मेरठ कांवड़ मार्ग पर न केवल पुष्प वर्षा की बल्कि उनकी सेवा भी की। इस अवसर पर श्री गौड ने कांवडिय़ों की कुशल क्षेम पूछी। श्री गौड ने पुष्पवर्षा कार्यक्रम के दौरान शिवभक्तों की संपूर्ण सुरक्षा, सेवा, सहायता और सुविधा प्रदान करने के निर्देश भी अधिनस्थों को दिये। इसके बाद श्री गौड ने अधिनस्थ अधिकारियों के साथ कांवड़ मार्गो का निरीक्षण भी किया। श्री गौड ने दूधेश्वरनाथ मंदिर की सुरक्षा एवं सेवा व्यवस्था का जायजा लेकर वहां पर तैनात अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को हर समय सतर्क, सजग व सक्रिय रहकर सेवामयी व संवेदनशील रहने के निर्देश भी दिये। उन्होंने दूधेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक कराने के लिये आने वाले लाखों कांवडिय़ों व शिवभक्तों की सुरक्षा व सुविधा के तहत बनाये गये कंट्रोलरूम का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर कांवड़ सैल नोडल अधिकारी एसीपी कोतवाली नगर उपासना पाण्डेय ने सीपी को मंदिर व कांवड़ मार्ग पर की गई संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी।