गाजियाबाद (युग करवट)। उत्तर प्रदेश में वैश्य व्यापारी समाज पर लगातार अपराधियों द्वारा आघात किया जा रहा है। इसके परिणाम स्वरूप प्रदेश का यह समाज स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है। वैसे तो वैश्य व्यापारी समाज भारतीय जनता पार्टी का कोर वोट बैंक कहा जाता है लेकिन हालात यह हैं कि उत्तर प्रदेश में इस समाज पर लगातार आसामजिक तत्वों द्वारा हमले किये जा रहे हैं और कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। यह कहना है अखिल भारतीय वैश्य महासंगठन के राष्ट्रीय महामंत्री प्रिन्स कंसल का। उन्होंने कहा कि हाल की घटनाओं में एक ओर जहाँ कुछ समय पहले बड़ौत में वैश्य समाज के व्यापारी पिता पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं दूसरी ओर तीन दिन पहले मोदीनगर क्षेत्र में भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष व्यापारी नितिन मित्तल पर जानलेवा हमला किया गया। रघुपुरा में बुजुर्ग वैश्य व्यापारी सुभाष चंद सिंहल व उसके परिजनों को गली में घेर कर पीट पीटकर अधमरा कर दिया गया है। ऐसी अनेक घटनाओं से वैश्य समाज में दहशत व्याप्त हो गई है। इसके विरोध में अखिल भारतीय वैश्य महासंगठन द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर आरोपियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की गई है। पत्र में प्रिन्स कंसल द्वारा लिखा गया है कि वैश्य समाज देश के निर्माण में अपना सर्वोत्तम योगदान कर व रोजगार देकर करता रहा है देश व प्रदेश के उत्थान में वैश्य समाज सर्वाधिक कर देकर अपनी भूमिका निभा रहा है। लेकिन वर्तमान परिदृश्य में वैश्य समाज पर जो लगातार हमले हो रहें हैं उन्हें बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।