बच्चों से करते थे नौकरी करने की बात
गाजियाबाद (युग करवट)। बीती रात क्रासिंग रिपब्लिक थाने के मौहल्ला वीरनगर में रहने वाले गंगाशरण व उसकी पत्नी विमलेश का विवाद अपने पुत्रों दीपक व ललित से हो गया था। जिसके बाद दोनों कलयुगी पुत्रों ने अपने माता पिता पर डंडे व हथौड़े जैसे हथियारों से वार करके गंगाशरण व उसकी पत्नी विमलेश को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस के मुताबिक इस वारदात की सूचना मृतक दंपत्ति के किरायेदार ने पुलिस को लगभग पौने ग्यारह बजे के आस-पास दी। सूचना देने वाले ने बताया कि उसकी मकान मालिक व मालकिन की पिटाई उनके पुत्रों के द्वारा की जा रही है। सूचना मिलते ही जहां एसओ क्रासिंग रिपिब्लक श्वेता सिंह फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचकर जांच करने में जुट गई वहीं उन्होंने गंभीर रूप से घायल गंगाशरण व उसकी पत्नी विमलेश को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल व अन्य उच्चाधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर वहां की स्थिति का जायजा लिया। इस संदर्भ में डीसीपी सिटी का प्रभार देख रहे पुलिस उपायुक्त देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में जो बात सामने आई है उससे पता चला कि गंगाशरण न्यूजपेपर बांटने का कार्य करता था। उसके दोनों पुत्रों दीपक व ललित कोई स्थायी काम नहीं करते थे लेकिन कभी कभी चालक का काम कर लिया करते थे। गंगाशरण व उसकी पत्नी विमलेश दोनों पुत्रों को कोई स्थायी नौकरी अथवा काम करने की बात करते रहते थे। जिसकी वजह से पिता पुत्रों मे आये दिन विवाद होता रहता था। बीती रात भी उनके बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। जिसके बाद दीपक व ललित ने अपने माता पिता की हत्या कर दी। श्री तिवारी ने बताया कि एसओ क्रासिंग रिपब्लिक श्वेता सिंह की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के कुछ समय बाद ही दोनों हत्याभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।