प्रमुख अपराध संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। बीती रात मोदीनगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत फफराना रोड बस्ती में रहने वाले अनार सिंह नामक वृद्घ की हत्या उनके दामाद ने चाकू से गोदकर कर दी। यह वारदात उस समय हुई कि जब हत्यारोपित दामाद संदीप निवासी फफराना रोड का विवाद अपनी पत्नी मोनिका व उसके मायक वालों से हो गया। जिस व्यक्ति की हत्या हुई है वो महेश मार्ग पर रहने वाले भाजपा के नगर अध्यक्ष आकाश शर्मा के भी ससुर लगते थे। इस वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर मोदीनगर पुलिस पहुंचकर जांच करने में जुट गई। डीसीपी रूरल सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में जो बात सामने आई है उससे पता चला है कि किसी बात को लेकर मृतक अनार सिंह की पुत्री मोनिका व उसके पति संदीप के बीच विवाद हो गया था। अपनी पुत्री व दामाद के बीच पनपे विवाद को खत्म कराने के लिये जब अनार सिंह ने हस्तक्षेप किया तो आवेश में आकर संदीप ने अपने ससुर पर चाकू से हमला कर दिया। उसके बाद संदीप वहां से भाग गया। अनार सिंह के परिजनों ने उन्हें गंभीर अवस्था में निकट के अस्पताल में भर्ती कराा गया। जहां उपचार के दौरान अनार सिंह की मौत हो गई। श्री तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मोदीनगर थाना पुलिस ने हत्यारोपित संदीप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उसकी गिरफ्तारी के प्रयास करने शुरू कर दिये हैं। उन्होंने बताया कि हत्यारोपित की गिरफ्तारी के लिये पुलिस की कई टीम गठित की गई है। उधर सूत्रों का कहना है कि हत्या की वारदात के बाद से ही अनार सिंह के मकान पर ताला लगा था। स्थानीय लोगों के अनुसार अनार सिंह मोदी मिल में जॉब करते थे। रिटायर होने के बाद उन्होंने फफराना रोड पर मकान बना लिया था। उनकी तीनों पुत्रियों ने लव मैरिज की थी।