लखनऊ (युग करवट)। समिट बिल्डिंग में फर्जी कॉल सेंटर चलाकर विदेशी नागरिकों से 250 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी करने के मास्टरमाइंड विनीत धर्मेंद्र वशिष्ठ, उसके साथी नायकर जयराज उर्फ चाल्र्स और महिला दोस्त रिंकी दास गुप्ता को कोलकाता पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिया गया है। लखनऊ पुलिस तीनों को ट्रांजिट रिमांड पर ले जा रही है। विनीत पर 25000 रुपये का इनाम था। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपी के रिश्तेदारों के बारे में जानकारी जुटाई थी। इसके बाद कोलकाता पुलिस की मदद से उसे पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के समय उसके पास कोई फोन नहीं था। पुलिस ने समिट बिल्डिंग से मिले इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के आधार पर तीनों को केस में नामजद किया है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गैंग से जुड़े दूसरे लोगों की तलाश कई शहरों में की जा रही है।