ग्रेटर नोएडा (युग करवट)। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाले तालडा-झालडा गांव के मुख्य मार्ग पर जलभराव और कीचड़ की समस्या से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सडक़ पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और कीचडय़ुक्त पानी भरा होने के कारण लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर करप्शन फ्री इंडिया संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को संबोधित ज्ञापन ओएसडी अभिषेक पाठक को सौंपा।
चौधरी प्रवीण भारतीय ने बताया कि मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में काफी दिक्कतें हो रही हैं। कीचडय़ुक्त पानी भरा होने से दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। सडक़ की स्थिति इतनी खराब है कि लोगों के लिए सुरक्षित तरीके से पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों की ओर से अब तक समस्या का समाधान नहीं कराया गया है। अधिकारियों की उदासीनता और लापरवाही के कारण ग्रामीणों में भारी रोष है। उन्होंने प्राधिकरण से गांव के मुख्य मार्ग की समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की। इस दौरान रिंकू बैसला, कृष्णा नागर, प्रीतमपाल राठी, बॉबी गुर्जर और आदित्य चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।