बदल रही है अब तस्वीर
भारतीय जनता पार्टी शो बाजी और दिखावे से हमेशा दूर रहती थी। लेकिन आज स्थिति ये हो गई है कि दिखावे में सभी को पीछे छोड़ दिया। हालांकि इसके पीछे जो मैं महसूस करता हूं कि उसका कारण ये है कि पुरानी भाजपा और आज की भाजपा में बहुत फर्क है। आज दूसरे दलों से लोग भाजपा में आ गये हैं जिन्होंने आकर भाजपा की संस्कृति और उसकी पुरानी विरासत को बदल दिया है। कभी भी भाजपा के नेता सडक़ों पर कोई भी रोड शो नहीं करते थे। स्वागत नहीं होते थे, किसी कार्यकर्ता के घर जाते थे तो पहले ही कह दिया करते थे कि ज्यादा बड़ा स्वागत ना रखे। लेकिन आज स्थिति ऐसे है कि वार्ड अध्यक्ष बनने पर भी जिस तरह के स्वागत समारोह हो रहे हैं उससे आमजन परेशान है। स्वागत होना, अभिनंदन होना कोई गलत बात नहीं है लेकिन इससे सडक़ें जाम हो जाती है, लोग परेशान हो जाते हैं, कल का ताजा मामला बंदायु का है जहां कई छात्र-छात्राओं की परीक्षाएं छूट गई क्योंकि बरेली से लेकर बंदायु तक यूपी कमेटी में उपाध्यक्ष बने एक नेता जी का इतना जबरदस्त स्वागत हुआ कि 5 किलोमीटर तक जाम लग गया और जो छात्र-छात्राएं परीक्षा देने जा रही थी वो जाम में फंसी रही और परीक्षा छूट गई। उसकी खूब वीडियो वायरल हो रही है। कई बार देखा गया है कि जब कोई बड़ा नेता निकलता है तो बड़ी-बड़ी गाडिय़ों के काफिले के साथ उनका स्वागत होता है और लोग घंटों तक जाम में फंसे रहते हैं। अभी हाल ही में प्रधानमंत्री ने भी अपने काफिले में कटौती की थी लेकिन उसका कोई भी असर किसी पर नहीं पड़ा। हालांकि अभी हाल ही में गाजियाबाद में कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय का स्वागत रखा गया था। उन्होंने गाजियाबाद आगमन से पहले ही कार्यक्रम के संयोजक पंकज शर्मा से कहा था कि कोई भी गाडिय़ों का काफिला मेरे स्वागत में नहीं रहना चाहिए। हालांकि पहले यूपी गेट पर बड़ी संख्या में स्वागत की तैयारी थी लेकिन मनोज पांडेय की हिदायत के बाद काफिला कम कर दिया गया। ऐसे बहुत कम मंत्री होते हैं। बहरहाल, स्वागत भी होना चाहिए, अभिनंदन भी होना चाहिए इससे नेताओं के सीने भी चौड़े होते हैं, कार्यकर्ताओं की पहचान भी होती है लेकिन इन कार्यक्रमों को करने वालों को जनता का भी ख्याल रखना चाहिए कि वो जाम में ना फंसे, उनको कोई परेशानी ना हो, किसी छात्र की परीक्षा ना छूटे, कोई एंबुलेंस जाम में ना फंसे, नेताओं को माला पहनाने के चक्कर में किसी मरीज पर माला ना चढ़ जाए इसका भी ख्याल जाए क्योंकि जनता ही सबसे बड़ी ताकत है और वहीं माननीय भी बनाती है। इसलिए जनता के साथ खिलवाड़ ना करें और सडक़ें जाम ना करें। जय हिंद