नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। जीडीए ने मधुबन बापूधाम के पॉके सी में भी आवासीय योजना को लॉंच किया है। इस योजना में करीब साढ़े चार सौ भवन हैं जो पहले आओ-पहले पाओ की तर्ज पर आवंटित किए जाएंगे। यहां जीडीए 37 हजार पर स्कवायर फीट के हिसाब से रेडी टू मूव फ्लैट देने जा रहा है।
इससे पूर्व जीडीए ने दूसरे पॉकेट में आवासीय योजना लांच की थी, जिसका ऑक्शन होना बाकी है। इस योजना में भी करीब 45 हजार लोगों ने आवेदन किया था। अब जीडीए इस योजना के पॉकेट सी में भी आवासीय योजना को लाया है। इसमें टू बीएचके टाइप एक के आवास होंगे जिसके जिसका एरिया 126.78 स्कवायर मीटर होगा। आवंटियों को पांच लाख छह हजार रुपए रजिस्ट्रेशन अमाउंट जमा कराना होगा। इसके बाद पहले आओ-पहले पाओ की तर्ज पर फ्लैट आवंटित किए जाएंगे।
वर्तमान में जीडीए ले आवेदकों के लिए सैंपल फ्लैट भी तैयार किए हैं ताकि लोग आवास देख सकें। जीडीए की इस योजना में नया कार्यालय भवन भी प्रस्तावित है। इसके अलावा मधुबन एक्सपो मार्ट भी इसी योजना के पास बन रहा है। यानि अपने लिए आवास खोज रहे लोगों के लिए पॉकेट सी एक बेहतर ऑप्शन हो सकता है। इस योजना में हापुड़ रोड़ से मेरठ रोड को जोडऩे के लिए फ्लाईओवर व अंडर ब्रिज भी निर्माणाधीन है जिसके बनने से लोग हापुड़ रोड़ से सीधे मेरठ रोड कुछ मिनटों में पहुंच सकेंगे जिससे उन्हें शहरी क्षेत्र से होकर 15 किलोमीटर का रास्ता तय नहीं करना होगा। जीडीए मधुबन बापूधाम में एक के बाद एक आवासीय योजनाओं को लांच कर रहा है ताकि यहां पूरी तरह से आबादी निवास कर सके। योजनाओं में विकास कार्यो पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।