जल निकासी के लिए लगेगा पम्प, डासना में भी एसटीपी का होगा निर्माण
गाजियाबाद (युग करवट)। जीडीए अपनी विभिन्न आवासीय योजना में अब बरसात से पहले काम कराने की प्लानिंग में जुट गया है जिससे लोगों को समस्या का सामना न करना पड़े। वर्तमान में तुलसी निकेतन योजना के रि डवलपमेंट की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन अभी इसमें समय है। अगले महीने से बरसात का मौसम शुरू हो जाएगा। तुलसी निकेतन योजना में आवास काफी निचले स्तर पर बने हुए हैं जिसकी वजह से थोडी सी बरसात होते ही वहां पानी भर जाता है। कई बार तो पानी का जमाव अधिक होने से लोगों के घरों तक में पानी भर जाता है। लोगों को इस समस्या से राहत दिलाने के लिए जीडीए तुलसी निकेतन योजना में जलनिकासी का उचित प्रबंध करने जा रहा है। पानी भर जाने से यहां लोगों को बिजली किल्लत का भी सामना करना पड़ता है। ऐसे में योजना में 40 एचीपीए के पम्प को चलाने के लिए सौ केवीए जनरेटर लगाया जा रहा है। ताकि विद्युत व्यवस्था बरकरार रहे तो वहीं पांच एचपी डीजल पम्प एवं पम्प आपरेटर भी तैनात किए जाएंगे जिससे बारिश का पानी निकाला जा सके। इस योजना पर करीब नौ लाख 13 का प्रस्ताव तैयार कर टेंडर जारी किया गया है। इसके अलावा डासना में प्रधानमंत्री आवासीय योजना (शहरी) के तहत बनाए गए आवास के बाहरी विकास कार्य कराए जा रहे हैं जिसमें 400 केएएलडी क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कराया जाएगा साथ ही कार्यदायी संस्था को पांच वर्ष तक एसटीपी का संचालन व रखरखाव का जिम्मा भी दिया जाएगा।

इस योजना पर एक करोड़ 40 लाख की धनराशि खर्च होगी। जीडीए ने दोनों ही प्रस्ताव का टेंडर जारी कर दिया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही योजनाओं पर काम शुरू हो जाएगा।