गाजियाबाद (युग करवट)। विश्व पर्यावरण दिवस एवं उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा महानगर द्वारा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में सभी मंडलों में एक पेड़ माँ के नाम अभियान चलाया गया। इसी क्रम में राजनगर मंडल के अंतर्गत संजय नगर के एम-ब्लॉक बूथ संख्या 254 एवं एच-ब्लॉक बूथ संख्या 265 पर विशेष पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में भाजपा की ओर से पूर्व महापौर आशु वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिवस भी मनाया गया। भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज त्यागी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज की निरंतर जिम्मेदारी है। इस अवसर पर नीरज त्यागी, प्रदीप चौधरी, विनीत शर्मा, राकेश चौधरी, श्रीचंद चौहान, हरीश राजोरा, भगीरथ सिंह रावत उपस्थित रहे।