भाजपा के वरिष्ठ नेता राजा वर्मा के घर पहुंचे प्रभारी मंत्री
गाजियाबाद (युग करवट)। गाजियाबाद के नए प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि वह भाजपा में बहुत छोटे कार्यकर्ता के रूप में काम करते थे। तब पार्टी ने उनकी मेहनत को देखते हुए उन्हें मंडल अध्यक्ष बनाया था। तभी से वह पार्टी की सेवा कर रहे हैं और जानते हैं एक कार्यकर्ता का सम्मान क्या है।
प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजा वर्मा के राजनगर स्थित आवास पर आए थे। मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि वह जब भी किसी भी शहर यह गांव से गुजरते हैं और किसी घर पर उन्हें भाजपा का झंडा दिख जाता है तो वह घर उन्हें अपना सा लगता है। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता का कद बहुत ऊंचा है और सम्मान बहुत अधिक है इसीलिए आज भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है। कार्यकर्ताओं का अपमान करके कांग्रेस गर्त में जा चुकी है, बसपा शून्य पर आ गई है और सपा खत्म होने को तैयार है।
उन्होंने कहा कि पार्टी या नेता तभी बड़ा बनते हैं जब उनके पास सम्मानित कार्यकर्ता होते हैं। आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशन में देश लगातार तरक्की कर रहा है। जून माह में भाजपा के अनेक कार्यक्रम होने जा रहे हैं। संगठन की बैठक में उन्होंने प्रभारी होने के नाते गाजियाबाद के सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी के इन कार्यक्रमों में जुडऩे की बात कही है। इस दौरान महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, महानगर महामंत्री प्रदीप चौहान, पंकज भारद्वाज, गौरव चोपड़ा और वरिष्ठ भाजपा नेता अजय शर्मा मौजूद रहे।
राजा वर्मा से मेरे आत्मीय संबंध: मंत्री
गाजियाबाद (युग करवट)। जलपान के दौरान हुई अनौपचारिक बातचीत में प्रभारी मंत्री ने कहा की राजा वर्मा से उनके आत्मीय और घनिष्ठ संबंध हैं। पिछले कई वर्षों से वह दोनों साथ हैं। उन्होंने कहा कि राजा वर्मा नाम के नहीं दिल के राजा हैं। श्री वर्मा जानते हैं की पार्टी के कार्यकर्ता का सम्मान किस तरह से किया जाता है। उन्होंने कहा कि श्री वर्मा का राजनीति में भविष्य बहुत उज्ज्वल है।
प्रभारी मंत्री ने बहु निकिता को दिया शगुन
गाजियाबाद (युग करवट )। प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह राजा वर्मा के आवास पर इस तरह सहज थे जैसे कि वह अपने घर में हों। उन्होंने राजा वर्मा की पत्नी मंजू, पुत्र पार्थ और पार्थ की पत्नी निकिता से मुलाकात की। सभी को शुभकामनाएं दी और बहु निकिता को शगुन भी दिया।
एक गाड़ी से पहुंचे तीनों महामंत्री
गाजियाबाद (युग करवट )। प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह के राजा वर्मा के आवास पर पहुंचने से पहले भाजपा के तीनों महामंत्री वहां पहुंच गए थे।
महत्वपूर्ण बात यह थी की तीनों महामंत्री एक ही गाड़ी से वहां पहुंचे थे। खुद राजा वर्मा ने इस बात की जानकारी मंत्री को दी। मंत्री ने भी इसे एक अच्छा संकेत बताते हुए प्रदीप चौहान, पंकज भारद्वाज और गौरव चोपड़ा को बधाई दी।