नई दिल्ली (युग करवट)। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी सफलता मिली है। कुख्यात ड्रग तस्कर और भगोड़े आतंकी दाऊद इब्राहिम के करीबी सलीम डोला को बीते दिनों तुर्किये के इस्तांबुल में गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद अब उसे भारत को प्रत्यर्पित कर दिया गया है। यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन के बाद हुई है। मंगलवार तडक़े एक विशेष विमान से उसे दिल्ली एयरपोर्ट लाया गया, जहां भारतीय खुफिया एजेंसियों ने उसे हिरासत में लिया। अब उससे दिल्ली में पूछताछ की जा रही है और आगे की जांच के लिए उसे मुंबई स्थित नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को सौंपा जाएगा। सलीम डोला, जो दाऊद इब्राहिम का करीबी माना जाता है, उसे तुर्किये से गिरफ्तार कर भारत प्रत्यर्पित किया गया। वह करीब 5000 करोड़ के अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का हिस्सा था। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा है कि नशे के कारोबार और ड्रग तस्करी के खिलाफ सरकार की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है।

उन्होंने लिखा कि ड्रग सिंडिकेट के खिलाफ जीरो टॉलरेंस यानी किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात ड्रग तस्कर मोहम्मद सलीम डोला को तुर्किये से वापस भारत लाने में कामयाबी पाई है।