नई दिल्ली (युग करवट)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। उन्होंने अपने दौरे के पहले दिन 6,350 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने महिला सम्मेलन में भाग लिया। उन्होंने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर संसद से महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने देने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए विमेन रिजर्वेशन बिल को लेकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर संसद में बिल रोकने का आरोप लगाया। उन्होंने महिलाओं के विकास और सशक्तिकरण को अपनी सरकार की प्राथमिकता बताया। पीएम मोदी ने कहा कि काशी के सांसद के तौर पर, देश के प्रधानमंत्री के तौर पर मुझे देशहित के एक बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आपका आशीर्वाद चाहिए और यह बड़ा लक्ष्य है। लोकसभा-विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण को लागू करना। अभी कुछ दिन पहले सपा और कांग्रेस जैसे दलों की वजह से हमारा यह प्रयास संसद में सफल नहीं हो पाया, लेकिन मैं आप सभी बहनों को फिर से भरोसा देता हूं कि आपके आरक्षण का हक लागू हो, इसमें कोई कोर कसर बाकी नहीं छोडूंगा। पीएम मोदी ने कहा कि असल में यह सारे परिवारवादी और तुष्टिकरण में डूबे दल नारी शक्ति से डरे हुए हैं। यह परिवारवादी दल देश की उन बेटियों को विधानसभा और संसद नहीं आने देना चाहते हैं, जो कॉलेज कैंपस से लेकर पंचायतों और स्थानीय निकायों तक अपने दम पर नेतृत्व दे रही हैं। ये जानते हैं कि अगर धरातल पर काम करने वाली बेटियां ऊपर आ गईं तो इनका नियंत्रण खत्म हो जाएगा। इनकी सत्ता पर सवाल खड़े हो जाएंगे। इसलिए जो परिवारवादी दल हैं वह संसद में हुए विरोध में सबसे आगे रहे हैं। बीते 11 वर्षों में देश की करीब 10 करोड़ बहनें स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं, इन समूहों को लाखों रुपये की मदद मिल रही है, जिससे बहनें अपना काम कर रही हैं। ऐसे ही प्रयासों से 3 करोड़ बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं।