सीएम के दूसरे रोड-शो में भीड़ ने पैमाने तोड़े, हर तरफ गूंजा-योगी-योगी
नई दिल्ली (युग करवट)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को दमदम का मिजाज बदल दिया। सूर्य की तपिश के बीच भी बंगाल चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सीएम योगी का जादू बंगालवासियों के सिर चढक़र बोला। बुलडोजर बाबा की एक झलक पाने को लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। मुख्यमंत्री ने दमदम विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अरिजीत बख्शी के लिए रोड-शो किया तो हाथों में भाजपा का झंडा लिए मतदाताओं ने वंदे मातरम, भारत मां, जयश्रीराम, बुलडोजर बाबा के जमकर जयकारे लगाए। भगवा रंग में रंगा दमदम मानो एक स्वर में बोल रहा था कि हम सब ‘कमल’ के साथ हैं। मुख्यमंत्री का रोड-शो जैसे ही निकला, ढोल-नगाड़ों के बीच लोगों ने ‘स्वागतम्-स्वागतम’ का उद्घोष कर उन पर पुष्पवर्षा की। पारंपरिक परिधान में सजीं महिलाएं भी अपने बंगाल में बुलडोजर बाबा का जोरदार स्वागत करती दिखाई दीं। घरों की खिड़कियों, छतों से भी सीएम योगी पर लगातार पुष्पवर्षा होती रही। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले सियासी माहौल और गर्म हो गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हुगली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल अब बदलाव चाहता है और टीएमसी की राजनीति तुष्टीकरण पर आधारित है। योगी आदित्यनाथ ने कहा बंगाल की डेमोक्रसी को बदला जा रहा है। यहां जय श्री राम बोलने पर प्रतिबंध लगाया जाता है, मां दुर्गा पूजा और मां दुर्गा पूजा विसर्जन की मूर्ति विसर्जन के शोभा यात्रा को प्रतिबंधित किया जाता है। लेकिन ममता दीदी सडक़ों पर नमाज पढ़वाती हैं और इफ्तारी की दावत कराती हैं। कोई भी हिंदू पर्व-त्योहार होने पर कफ्र्यू रहता है, सरेआम हत्या होती है, लव और लैंड जिहाद की घटनाएं घटित हो रही हैं, लेकिन टीएमसी मौन है।