नई दिल्ली (युग करवट)। लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम के करोड़ों यूजर्स को मंगलवार सुबह एक बड़े तकनीकी झटके का सामना करना पड़ा। भारत, अमेरिका और सिंगापुर सहित दुनिया के कई प्रमुख देशों में इस एप की सेवाएं अचानक ठप हो गईं। यूजर्स को मैसेज भेजने, प्राप्त करने और एप को एक्सेस करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सुबह- सुबह हुए इस आउटेज के कारण लोगों के निजी और पेशेवर संवाद पर गहरा असर पड़ा, जिसके बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉम्र्स पर शिकायतों का लंबा दौर शुरू हो गया।
तकनीकी खामियों और आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के आंकड़ों के अनुसार, भारत में मंगलवार सुबह 8 बजकर 13 मिनट के करीब टेलीग्राम के काम न करने की सबसे ज्यादा शिकायतें दर्ज की गईं। इस दौरान लगभग 800 से अधिक यूजर्स ने एप के डाउन होने की रिपोर्ट की। भारतीय यूजर्स ने बताया कि उन्हें एप खोलने में काफी समय लग रहा था और जरूरी मैसेज भी डिलीवर नहीं हो रहे थे। टेलीग्राम की यह तकनीकी खराबी केवल भारत तक ही सीमित नहीं रही। अमेरिका में भी सोमवार रात 11 बजे के आसपास यूजर्स को एप में चलाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा था। वहीं, सिंगापुर में इस आउटेज का प्रभाव सबसे ज्यादा देखा गया। स्थानीय समयानुसार सुबह 10.30 बजे के बाद सिंगापुर में लगभग 4000 से अधिक यूजर्स ने डाउनडिटेक्टर पर टेलीग्राम के पूरी तरह से ठप होने की शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल टेलीग्राम की तरफ से इस वैश्विक आउटेज के मूल कारण को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकिए एक साथ अलग-अलग देशों में सर्वर का डाउन होना किसी बड़े नेटवर्क ग्लिच या सर्वर क्रैश की ओर इशारा करता है।