ट्रंप के कार्यक्रम में गोलीबारी की घटना के बाद आई खबर
नई दिल्ली (युग करवट)। अमेरिका की पॉलिटिक्स में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक एफबीआईडायरेक्टर काश पटेल को जल्द ही ट्रंप प्रशासन पद से हटाया जा सकता है।
हालांकि इस पर अभी कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है, लेकिन व्हाइट हाउस के अंदर से आ रही खबरों ने अटकलों को और तेज कर दिया है। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ट्रंप प्रशासन में अगली बड़ी छुट्टी काश पटेल की हो सकती है। इसके पीछे उनके शराब पीने से जुड़े विवाद, ईरानी हैकर्स द्वारा उनकी ईमेल हैक होना और कई अन्य मामले बताए जा रहे हैं। अमेरिका के राजनीतिक डिजिटल समाचार पत्र ने रिपोर्ट दी कि एक व्हाइट हाउस अधिकारी ने कहा कि काश पटेल को हटाना अब बस वक्त की बात है।
यानी अंदर से भी संकेत आ रहे हैं कि उनकी कुर्सी कभी भी जा सकती है। ये रिपोर्ट उस वक्त आई जब वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस करेस्पॉन्डेंट्स डिनर के पास एक गोलीबारी की घटना हुई।
द इंटरसेप्ट नाम की एक मीडिया वेबसाइट ने रिपोर्ट किया कि काश पटेल ने खुद माना है कि उन्हें दो बार सार्वजनिक जगह पर शराब पीने के लिए गिरफ्तार किया गया था।
पहली बार जब वो वर्जीनिया में पढ़ाई कर रहे थे और अभी नाबालिग थे। दूसरी बार न्यूयॉर्क में कानून की पढ़ाई के दौरान जब उन्हें शराब पीकर सार्वजनिक जगह पर पेशाब करने पर पकड़ा गया। अमेरिकी संसद के हाउस ज्युडिशियरी कमेटी के डेमोक्रेट सांसदों ने मांग की है कि काश पटेल को ऑडिट-सी नाम का एक टेस्ट देना चाहिए जो यह जांचता है कि कोई शख्स शराब के हानिकारक चक्र में तो नहीं फंसा। काश पटेल ने खुद कहा है कि उन्होंने कभी भी काम के दौरान नशे में नहीं रहे। 2 अप्रैल को ट्रंप ने अमेरिका की अटॉर्नी जनरल यानी मुख्य न्याय मंत्री पाम बोंडी को बर्खास्त कर दिया। काश पटेल पाम बोंडी को अपना गुरु मानते थे।