दसवीं में अयान और इंटर में तिमोथी मंडल ने मारी बाजी
एक ही स्कूल के दोनों छात्र बने जिला टॉपर
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने गुरूवार को यूपी बोर्ड हाईस्कूल इंटर के परीक्षा परिणाम जारी कर दिए। जिले में एक ही स्कूल के हाईस्कूल व दसवीं के छात्र ने जिला टॉप किया है। महर्षि दयानंद विद्यापीठ के छात्र अयान खान ने दसवीं में 95.33 फीसदी अंक के साथ जिले में टॉप किया है। वहीं इसी स्कूल के टिमोथी मंडल ने इंटर की परीक्षा में 93.40 फीसदी अंक के साथ जिले में टॉप किया है। टिमोथी मंडल ने दसवीं की परीक्षा में भी जिले में टॉप किया था और पूरे प्रदेश में दसवें स्थान पर रहे थे। 12वीं की परीक्षा में दूसरे स्थान पर गवर्नमेंट ऑर्डिनेंस फैक्टरी इंटर कॉलेज के छात्र विशेष व महर्षि दयानंद विद्यापीठ की छात्रा हिबा फातिमा रही। इसी स्कूल की छात्रा निशु कुमारी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं दसवीं की परीक्षा में महर्षि दयानंद विद्यापीठ की छात्रा रसिका दूसरे और बीआरएस कॉन्वेंट स्कूल की स्वाति कुमारी रही। जिले में हाईस्कूल का ओवर ऑल रिजल्ट 92.93 फीसदी और इंटर का 87.24 फीसदी रहा है। दसवीं के टॉपर अयान के पिता जहां कुशलिया में छोटी सी दुकान चलाते हैं वहीं इंटर के टॉपर टिमोथी के पिता सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं।

 

यूपी बोर्ड परीक्षा में पास हुए जिले के 45 हजार से अधिक छात्र
गाजियाबाद (युग करवट)। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर में इस बार 45 हजार 603 छात्रों ने परीक्षा पास की है। हाईस्कूल की परीक्षा में इस बार 27176 छात्र सम्मितिल हुए थे, जिसमें 25 हजार 254 छात्रों ने परीक्षा पास की है।
हाईस्कूल का पास रिजल्ट 92.93 फीसदी रहा है। वहीं इंटर की परीक्षा में 24 हजार 471 छात्र सम्मितिल हुए थे जिसमें से 21 हजार 349 ने परीक्षा पास की है। गत वर्ष जिले में पास प्रतिशत हाईस्कूल के छात्रों का 92.48 फीसदी और इंटर का 88.28 फीसदी रहा था।

हाईस्कूल में सुधरा ग्रेड इंटर में बरकरार
गाजियाबाद (युग करवट)। गुरूवार को जारी हुए यूपी बोर्ड के परीक्षा परिणामों में इस बार जिले का ग्रेड में थोड़ा बेहतर प्रदर्शन किया है। जिले ने हाईस्कूल की परीक्षा में पूरे प्रदेश में 13वां स्थान प्राप्त किया है। तो वहीं इंटर की परीक्षा में आठवां स्थान पर इस साल बरकरार है। वर्ष 2025 का प्रदेश में जिले का हाईस्कूल में 19वां स्थान था और इंटर का आठवां स्थान था। वहीं वर्ष 2024 में प्रदेश में जिले का छठवां स्थान हाईस्कूल में और इंटर का 13वां स्थान रहा है। इस बार सिर्फ हाईस्कूल की रैंक में ही बदलाव आया है।

डासना जेल के बंदियों ने भी पास की यूपी बोर्ड की परीक्षा
गाजियाबाद (युग करवट)। यूपी बोर्ड के जारी परीक्षा परिणामों में गाजियाबाद में डासना जेल में बंद बंदियों ने भी सफलता हासिल की हैं। डासना जेल में बंद बंदियों ने हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा दी थी। जिसमें हाईस्कूल की परीक्षा में पांच बंदियों ने परीक्षा दी और पांचों ने ही यह परीक्षा पास की है। यानि बंदियों का पास प्रतिशत सौ फीसदी रहा है। वहीं इंटर की परीक्षा में 18 बंदी शामिल हुए थे जिसमें से 17 ने परीक्षा पास की है। इंटर का पास प्रतिशत 94.44 फीसदी रहा है।