गाजियाबाद (युग करवट)। यूपी बोर्ड हाईस्कूल की परीक्षा में जिला टॉप करने वाले महर्षि दयानंद विद्यापीठ के छात्र अयान खान ने कहा कि उन्होंने परीक्षा की तैयारी को लेकर कोई कोचिंग नहीं ली। स्कूल में पढऩे के बाद वह घर पर खुद ही सेल्फ स्टडी करते थे। अयान का कहना है कि कोचिंग से बेहतर सेल्फ स्टडी है। यहां तक की उन्होंने मोबाइल का भी इस्तेमाल नहीं किया। अयान का कहना है कि वह रोजाना तीन से चार घंटे तक पढाई करते थे। उन्होंने कहा कि अगर फोकस के साथ पढाई की जाए तो कोचिंग की जरूरत ही नहीं पड़ेंगी।
बैंडमिंटन खेलने के शौकीन अयान का लक्ष्य आईआईटी कर इंजीनियर बनना है। दुकानदार पिता के बेटे अयान का कहना है कुशालिया में उनके पापा असलम की दुकान है, मां मुमताज गृहणी हैं। छोटी बहन भी दसवीं में है। अयान ने बताया कि पढ़ाई के दौरान उन्होंने कभी सोशल मीडिया का सहारा नहीं लिया। अगर कहीं कोई दिक्कत आती थी तो उनके स्कूल टीचर उनकी मदद करते थे, इसी सपोर्ट की वजह से वह आज सफल हो पाएं हैं। अयान के हिंदी में 94, अंग्रेजी में 98, गणित में 97, विज्ञान में 95, सामाजिक विज्ञान में 93 और चित्रकला में 95 फीसदी अंक आए हैं।