नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। राजनगर एक्सटेंशन में वाहनों के दबावों को नियंत्रित करने के लिए जीडीए 45 मीटर चौड़ी आउटर रिंग रोड बनाने जा रहा है। इस योजना का प्रस्ताव पूर्व में ही बोर्ड बैठक में पास हो चुका है। अब अगले सप्ताह तक इस योजना के क्रियान्वयन के लिए जीडीए टेंडर प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। इस रोड के बनने से स्थानीय लोगों को खासा फायदा होगा तो वहीं आवागमन सुगम होने के साथ ही जाम का दबाव भी कम हो सकेगा।
बता दें कि जीडीए राजनगर एक्सटेंशन में जाम की समस्या को दूर करने के लिए कई योजनाओं पर काम रहा है। इसमें 45 मीटर चौड़ी आउटर रिंग रोड भी प्रमुख है। जीडीए के मुताबिक 5.8 किलोमीटर लम्बी इस रोड को बनाने के लिए जल्द ही भूमि क्रय की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही टेंडर प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। टेंडर प्रक्रिया के उपरांत कार्यदायी संस्था को तय कर काम किया जाएगा। बता दें कि 45 मीटर चौड़ी आउटर रिंग रोड के बनने से राजस्व गांव मोरटी, अधीर, अंबापुर, मोरटा, शाहपुर निजमोरटा की जमीन से होकर गुजरेगा। ऐसे में इन क्षेत्रों के लोगों के लिए भी यह रोड बनने से यातायात सुगम हो सकेगा। बेहतर यातायात सुविधा मिलने से राजनगर एक्सटेंशन में जाम का दबाव भी होगा, विशेषकर मुख्य मार्गो पर लगने वाला जाम कम होगा। साथ ही आने-जाने के कई वैकल्पिक मार्ग होंगे तो क्षेत्र में विकास भी तेजी से होगा।
जीडीए राजनगर एक्सटेंशन में कई रोड निर्माण की योजनाओं पर काम कर रहा है।