एक महिला समेत कई हिरासत में
प्रमुख अपराध संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र अंतर्गत नहर रोड पर स्थित मोलाना आजाद कॉलोनी में महिला फूड इंस्पेक्टर व उसके टीम पर अवैध रूप से मीट की दुकान चलाने वाले जिलाबदर अपराधी राजू कुरैशी के इशारे पर उसके सहयोगियों ने हमला करके न केवल अधिकारी से निरीक्षण के दस्तावेज छीन लिये बल्कि उनके साथ अभद्रता करते हुए उनके चालक के साथ मारपीट की। राजू कुरैशी जिला बदर है लेकिन वो मौके पर मौजूद मिला। इस वारदात की सूचना मिलते ही जहां लोनी बॉर्डर पुलिस मौके पर पहुंच गई वहीं लोनी विधायक नन्दकिशोर गुर्जर भी वहां पर आ गये। उसके बाद पुलिस ने महिला अधिकारी व उनकी टीम को सुरक्षित बाहर निकालकर चालक को उपचार के लिये अस्पताल पहुंचाया। साथ ही फूड इंस्पेक्टर मीरा सिंह की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करके एक महिला समेत कई को हिरासत में ले लिया।
इस घटना की जानकारी देते हुए मीरा सिंह ने बताया कि आईजीआरएस पोर्टल से मिली एक शिकायत का निस्तारण करने के लिये वह अपनी टीम के साथ मौलाना आजाद कॉलोनी में आयी थीं। जब वो आरोपित मीट बेचने वाले राजू कुरैशी की दुकान पर पहुंची तो उसने न केवल जबरन दुकान बंद करनी शुरू कर दी बल्कि शबीना नामक महिला व बिलाल आदि सहयोगियों को छापामार टीम पर हमला करने के लिये उकसाया। हमले की सूचना पर लोनी विधायक नन्दकिशोर गुर्जर ने पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि नियमों के विरूद्घ खोली जा रही मीट की दुकानों के मालिकों के खिलाफ अगर जल्द कार्रवाई नहीं की तो वो अपनी कुर्सी छोडऩे को तैयार रहे। वो इस प्रकरण को मुख्यमंत्री के पास ले जागकर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कराने में देरी नहीं लगायेंगे। एसीपी अंकुर विहार एएसपी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि महिला अधिकारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करके जहां पुलिस ने आरोपितों की धरपकड़ की कार्रवाई करनी शुरू कर दी है वहीं उन अधिकारियों व पुलिसकर्मियों की भी जांच की जा रही है कि जिन पर बिना लाईसेंस की मीट की दुकान ख्ुालवाने के आरोप लगे हैं। श्री राय ने बताया कि जांच में जो भी दोषी पाया जायेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।