नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। अब सप्ताह के सातों दिन रजिस्ट्री कार्यालय खुलेंगे। इस नियम के बाद रविवार को अवकाश के दिन भी रजिस्ट्री खोला गया, लेकिन पहले दिन वकीलों के विरोध के चलते एक भी रजिस्ट्री नहीं हो सके। हालांकि रजिस्ट्री कार्यालय अपनी समय से खुला और अधिकारी व कर्मचारी भी कार्यालय में मौजूद रहे।
राजस्व बढ़ाने और रजिस्ट्री की सुविधा सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले का एक रजिस्ट्री कार्यालय खोला जाएगा। इसी कड़ी में पहले रविवार को उप निबंधक सदर कार्यालय खोला गया। हालांकि सप्ताह के सातों दिन रजिस्ट्री कार्यालय खोले जाने का वकीलों ने कड़ा विरोध किया, इसकी वजह से रविवार को एक भी रजिस्ट्री नहीं हो सकी। रविवार को उप निबंधक सदर कार्यालय खुले होने के बाद यह कार्यालय रोस्टर के मुताबिक 25 अप्रैल को बंद रहेगा। अब 26 अप्रैल को उप निबंधक सदर थर्ड का कार्यालय खुलेगा, इसकी एवज में यह कार्यालय 2 मई को बंद रहेगा। इसके अलावा दोपहर एक बजे से रात आठ बजे तक उप निबंधक सदर द्वितीय को नामित किया गया है। यानि यह कार्यालय अब रात आठ बजे तक भी संचालित रहेगा। सहायक महानिरीक्षक निबंधन पुष्पेन्द्र कुमार ने बताया कि जो उप निबंधक कार्यालय जिस रविवार को खुलेगा वह अगले सप्ताह के शनिवार या माह के दूसरे शनिवार होने पर शुक्रवार को बंद रहेगा। इसके अलावा सार्वजनिक अवकाश और स्थानीय अवकाश में भी यह व्यवस्था बंद रहेगी। हर माह कार्यालय रविवार को खोले जाने का रोस्टर तैयार किया जाएगा। हालांकि पहले रविवार कार्यालय खोले जाने, कोई रजिस्ट्री नहीं होने पर उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार कार्यालय खोले गए हैं, और नियम से खोले जाएंगे।