गाजियाबाद (युग करवट)। उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन द्वारा विकास भवन परिसर में ‘संकल्प से सिद्घि, सुरक्षा-सुशासन-समृद्घि’ थीम पर गोष्ठी व संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल भी लगाए गए। गोष्ठी के पहले दिन शहर विधायक संजीव शर्मा ने कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार ने पिछले नौ वर्ष में प्रदेश का चौतरफा विकास किया है। जिस प्रदेश को बीमारू कहा जाता था, जिस गाजियाबाद में लोग आने से डरते थे, आज वहां विकास की बयार बह रही है। सरकार ने चाहे महिला हो, बच्चे, बुजुर्ग, दिव्यांग हो, हर वर्ग के लिए विकास योजनाएं चलाई हैं। पहले प्रदेश में निवेश को लोग डरते थे, आज बड़े पैमाने पर निवेश के लिए लोग आ रहे हैं। युवाओं व महिलाओं को सशक्त व आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। हर वंचित वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। इस अवसर पर विधायक ने प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए। सीडीओ अभिनव गोपाल ने कहा कि प्रशासन सरकारी योजनाओं को लाभार्थी तक पूरी निष्पक्षता से पहुंचा रहा है। विकास परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। गोष्ठी के दौरान विभागीय अधिकारियों द्वारा विभाग के कार्यो व योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर उपकृषि निदेशक रामजतन मिश्र, दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी अंशुल चौहान, डीपीओ शशि वाष्र्णेय आदि विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।