गाजियाबाद (युग करवट)। ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत बुद्घ बाजार पूजा कॉलोनी निवासी सरवन नामक व्यक्ति के मकान में किराये पर रह रही प्रमिला निवासी मुजफ्फरपुर बिहार का शव गली सड़ी अवस्था में मिला था। ट्रोनिका सिटी थाने की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया तो मौके पर बस प्रमिला की ही लाश मिली। जबकि उसकी सात वर्षीय पुत्री विद्या लापता मिली। बच्ची की तलाश में पुलिस ने उस कमरे को पूरी तरह से खंगाला जहां युवती की लाश पड़ी हुई थी लेकिन घंटों तक चले सर्च अभियान के बाद भी मृतका की बेटी का कुछ पता नहीं चला। बता दें कि पहले पुलिस को जो सूचना मिली थी उसमें बताया गया था कि घटना स्थल पर मो बेटी की लाश पड़ी हुई हैं। लेकिन पुलिस की जांच के दौरान मौके पर महिला का ही शव मिला। इस संदर्भ में एसीपी लोनी राम किशन सिंह का कहना है कि पुलिस की कई टीम मृतका के दूसरे पति पवन व उसकी पुत्री की तलाश करने के लिये हर संभव प्रयास कर रही हैं। श्री सिंह ने बताया कि इस घटना की सूचना मृतका के परिजनों को दे दी गई है। उनके आने बाद जहां पोस्टमार्टम कराया जायेगा वहीं उनके द्वारा दी जाने वाली तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके अग्रिम कार्रवाई की जायेगी।