नोएडा (युग करवट)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का लोकार्पण करेंगे। इसकी तैयारियों का जायजा लेने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ रविवार को नोएडा आए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर बैठक भी ली। बैठक में सांसद अतुल गर्ग, सांसद महेश शर्मा, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेन्द्र कश्यप, पश्चिमी यूपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र शिशौदिया, मोदीनगर विधायक डॉ.मंजू सिवाच, विधायक संजीव शर्मा, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल आदि बैठक में मौजूद रहे। अधिकारियों के साथ बैठक करके उद्घाटन समारोह की तैयारियों व सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक मे अधिकारियों ने सीएम के सामने समारोह की योजना, सुरक्षा प्लान और जनसभा में लोगों के आने वालों की संख्या और उनके बैठने की व्यवस्था जैसी तैयारियों की जानकारी रखी।
वहीं, प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर होने वाली सुरक्षा प्लानिंग की समीक्षा भी की गई। उनके साथ उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार और मुख्यमंत्री के विशेष सचिव ईशान प्रताप सिंह भी गौतमबुद्ध नगर पहुंचे।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉक्टर महेश शर्मा, प्रभारी मंत्री कुंवर वृजेश सिंह, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह, डीएम गौतमबुद्धनगर मेघा रूपम, सीईओ यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण राकेश कुमार सिंह, एसीईओ शैलेन्द्र भाटिया, डीसीपी पूनम मिश्रा, एडीएम वित्त अतुल कुमार, एडीएम प्रशासन मंगलेश दुबे, इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ क्रिस्टोफ श्रेलमैन, सीओओ किरन जैन, सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।