मेरठ (युग करवट)। बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज कस्बे में दिनदहाड़े हुई गोली मारकर युवक की हत्या कर दी गई। रामराज मुख्य बाजार स्थित सनातन धर्म मंदिर के सामने भीड़ वाले इलाके में वारदात को अंजाम दिया गया। इस हत्या से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान रामराज निवासी मोहल्ला जगजीवन पुरी के सुरेंद्र (28) पुत्र कश्मीर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अज्ञात हमलावरों ने सुरेंद्र को उस समय गोली मारी, जब वह बाजार से गुजर रहा था। गोली चलते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी देहात ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घायल सुरेंद्र को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। एसपी का कहना है कि सीसीटीवी की फुटेज खंगाल जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर हत्यारे को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। वारदात क्यों की गई, इस बारे में मृतक के परिजनों से जानकारी ली जाएगी। खुलेआम बाजार में हुई इस गोलीबारी की घटना ने स्थानीय व्यापारियों और निवासियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि इतने सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की वारदात को अंजाम दिया गया।