जून से बढ़ा हुआ आएगा बिल
लखनऊ (युग करवट)। यूपी पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने फ्यूल सरचार्ज में 10 फीसदी की बढ़ोतरी की है, जो जून महीने के बिजली बिल के साथ लागू होगी। बीते कुछ हफ्तों में दूध, पेट्रोल-डीजल, सीएनजी आदि के दाम बढऩे के बाद अब उत्तर प्रदेश के लोगों की जेब पर एक और बड़ा बोझ बढ़ गया है। अगले ही महीने से बढ़ा हुआ बिल देना होगा। यूपी पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने बिजली बिल में 10 फीसदी एक्स्ट्रा चार्ज लगाने का फैसला किया है। जारी आदेश के अनुसार बढ़ा हुआ शुल्क जून महीने के बिजली बिल के साथ जोड़ा जाएगा। यानी उपभोक्ताओं को अपने नियमित बिजली बिल के अलावा 10 फीसदी अतिरिक्त राशि भी चुकानी होगी। इस फैसले का असर प्रदेश के लाखों घरेलू, व्यावसायिक और अन्य श्रेणी के बिजली उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। बिजली विभाग का कहना है कि बिजली उत्पादन और खरीद में आने वाली अतिरिक्त लागत की भरपाई के लिए फ्यूल सरचार्ज लगाया जा रहा है। इसके तहत उपभोक्ताओं के बिल में अलग से शुल्क जोड़ा जाएगा। हालांकि ऐसे समय में बिजली दरों में बढ़ोतरी का फैसला आया है, जब प्रदेश के कई हिस्सों में बिजली कटौती और आपूर्ति संबंधी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। गर्मी के मौसम में बढ़ती मांग के बीच उपभोक्ता पहले से ही बिजली संकट और अनियमित आपूर्ति की समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में बिजली बिल में अतिरिक्त भार पडऩे से आम उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।