नोएडा (युग करवट)। विधायक पंकज सिंह ने आज सेक्टर-112, सेक्टर-61 और सेक्टर-55 का दौरा कर स्थानीय निवासियों से संवाद किया तथा उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान सेक्टर-55 में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने ओपन जिम का उदघाटन किया।
इस दौरान नागरिकों ने सीवर, पेयजल, इंटरलॉकिंग टाइल्स, पार्कों के रखरखाव और अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पंकज सिंह ने नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संबंधित क्षेत्रों का तत्काल निरीक्षण कर समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया शुरू करें और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि अधिकारी नियमित रूप से सेक्टरों का दौरा करें तथा जनता से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दें।
उन्होंने सार्वजनिक पार्कों के रखरखाव, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि पार्क नागरिकों के स्वास्थ्य और सामाजिक गतिविधियों के महत्वपूर्ण केंद्र होते हैं, इसलिए उनकी उचित देखभाल की जानी चाहिए। पंकज सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी की सरकारों के दौरान नोएडा जिन बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा था, उनमें भारतीय जनता पार्टी सरकार के कार्यकाल में व्यापक सुधार हुआ है। कार्यक्रम में फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, अमित त्यागी, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष नागेंद्र यादव, राजीव चौधरी, हरपाल सिंह, अरविंद पचौरी, अमित वाजपेई, सत्यनारायण गोयल, विपुल शर्मा, रामकिशन यादव, सत्यनारायण महावर, संजय शर्मा, नमिता चौबे, दीपक शर्मा, प्रदीप यादव, जितेंद्र शर्मा उपस्थित रहे।