टोक्यो/लखनऊ (युग करवट)। टाक्यो में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के अंधेरे से उजाले तक के परिवर्तन की यशगाथा को सबके सामने रखा। उन्होंने कहा कि आज यूपी दंगों या कफ्र्यू की खबरों से आगे बढक़र दीपोत्सव, महाकुंभ और वैश्विक निवेश की पहचान बन चुका है और यही परिवर्तन भारत को विकसित राष्ट्र की दिशा में आगे बढ़ा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कनेक्टिविटी का संकट था, सडक़ें नहीं थीं, बिजली नहीं आती थी। लोग भी कहते थे कि बिजली गायब रहती थी। दरअसल पहले की सरकारें अंधेरे में रहने की आदी थीं, क्योंकि उनके सारे कार्य तो अंधेरे में होते थे। आप मुझे बताओ, क्या उजाले में डकैती पड़ेगी? जब प्रवृत्ति डकैती डालने की थी तो वह तो अंधेरे में ही डाली जा सकती थी, इसलिए बिजली नहीं देते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। विकसित भारत का संकल्प साकार होता दिखाई दे रहा है। उत्तर प्रदेश, जो 25 करोड़ आबादी का राज्य है, अब विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।